Bankipur – जानिए उपचुनाव के बीच किन इलाकों में फैला है बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र…
Bankipur– बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान शुरू होने से पहले चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और मतदान दलों को ईवीएम तथा वीवीपैट की स्थापना और संचालन के दौरान पूरी सावधानी बरतने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पूरे विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा सके।

सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर
मतदान के दिन सुबह से ही प्रशासन ने व्यापक निगरानी व्यवस्था लागू कर दी। विधानसभा क्षेत्र में तैनात 16 जोनल दंडाधिकारी और 8 सुपर जोनल दंडाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। वाहन जांच, सीमाओं की निगरानी, नाकेबंदी, नदी मार्ग पर गश्त, अश्वरोही पुलिस की तैनाती और प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट के जरिए सघन जांच की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवांछित गतिविधि को रोकना है।
गंगा किनारे से शुरू होता है बांकीपुर का क्षेत्र
भौगोलिक दृष्टि से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र पटना शहर के बड़े हिस्से को समेटे हुए है। इसका विस्तार पटना कॉलेज के आसपास गंगा तट से शुरू होता है। पटना कॉलेज घाट, पीएमसीएच, बिहार उर्दू अकादमी, देवी स्थान, मिश्री घाट, सिविल कोर्ट घाट, महेंद्रू घाट, बीएन कॉलेज घाट और अंटा घाट जैसे इलाके इसी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा हैं। अशोक राजपथ से जुड़े कई प्रमुख शैक्षणिक और सरकारी संस्थान भी इसी क्षेत्र में आते हैं। गंगा के किनारे मैनपुरा तक फैला इलाका भी बांकीपुर विधानसभा की सीमा में शामिल है।
शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय इलाके भी शामिल
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में शहर के कई प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र भी आते हैं। आनंदपुरी, श्रीकृष्णापुरी, सहदेव महतो मार्ग, पटना विमेंस कॉलेज, डॉ. जाकिर हुसैन संस्थान, कर्मचारी बीमा निगम कार्यालय और आसपास के इलाके इसी क्षेत्र में शामिल हैं। इसके अलावा कोतवाली चौक, मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स, न्यू डाकबंगला रोड, बुद्ध मार्ग, न्यू मार्केट, पटना जंक्शन, फ्रेजर रोड और बंदर बगीचा जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी बांकीपुर विधानसभा का हिस्सा हैं।
दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों तक फैली विधानसभा की सीमा
रेलवे लाइन के आसपास स्थित मीठापुर, यारपुर और जक्कनपुर के कई हिस्से भी इसी विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। गर्दनीबाग रोड के कुछ भाग, जक्कनपुर कॉलोनी, जयप्रकाश नगर, दशरथा, सिपारा, विग्रहपुर, नवरत्नपुर, नंदलालपुर, पोस्टल पार्क और चांदमारी तक इसका विस्तार है। कंकड़बाग के चिरैयाटांड़ क्षेत्र का एक हिस्सा भी बांकीपुर विधानसभा में शामिल है। इसके अलावा कदमकुआं, लोहानीपुर, पीरमुहानी, लालजी टोला, दरियापुर, बाकरगंज, सब्जीबाग, भंवर पोखर, सालिमपुर अहरा, गांधी मैदान और एग्जिबिशन रोड जैसे इलाके भी इसी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। यही कारण है कि बांकीपुर विधानसभा को पटना शहर के सबसे महत्वपूर्ण और व्यापक शहरी निर्वाचन क्षेत्रों में गिना जाता है।