मनोरंजन

OTT – 100 करोड़ क्लब में शामिल ‘मां इंटी बंगारम’ अब घर बैठे देखें…

OTT – अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की चर्चित तेलुगु फिल्म ‘मां इंटी बंगारम’ सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होने जा रही है। 19 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई इस फिल्म ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाली महिला प्रधान पहली तेलुगु फिल्म बन गई।

इस दिन होगी डिजिटल रिलीज

फिल्म अपने थिएटर रिलीज के 28 दिन बाद 17 जुलाई से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने आधिकारिक घोषणा के साथ फिल्म की रिलीज डेट साझा की है। सिनेमाघरों में फिल्म देखने से चूक गए दर्शक अब घर बैठे इसका आनंद ले सकेंगे।

किन भाषाओं में देख सकेंगे दर्शक

जियोहॉटस्टार की उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ‘मां इंटी बंगारम’ फिलहाल तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में स्ट्रीम होगी। प्लेटफॉर्म की सूची में हिंदी संस्करण शामिल नहीं है। ऐसे में हिंदी दर्शकों को फिलहाल इसके डब वर्जन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

परिवार और अतीत के बीच उलझी कहानी

फिल्म का निर्देशन नंदिनी रेड्डी ने किया है, जबकि निर्माण राज निदिमोरू ने किया है। कहानी स्वर्ण नाम की महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार सामंथा रुथ प्रभु ने निभाया है। शादी के दो वर्ष बाद वह पहली बार अपने पति अनिरुद्ध के परिवार से मिलने पहुंचती है और नए माहौल में खुद को अपनाने की कोशिश करती है।

हालात तब बदल जाते हैं, जब उसके अतीत से जुड़ा एक व्यक्ति अचानक उसकी जिंदगी में लौट आता है। इसके बाद कहानी कई अप्रत्याशित मोड़ों से गुजरती है, जहां स्वर्ण अपने नए परिवार से अपने पुराने जीवन का सच छिपाने की हर संभव कोशिश करती दिखाई देती है।

दमदार कलाकारों से सजी फिल्म

फिल्म में सामंथा रुथ प्रभु के अलावा गुलशन देवैया, दिगंत मंचले, श्रीमुखी, गौतमी और मंजूषा मुक्काविल्ली सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आए हैं। संगीत संतोष नारायणन ने दिया है, जिसने फिल्म के भावनात्मक और रोमांचक दृश्यों को प्रभावी बनाया है। सिनेमाघरों में मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद अब निर्माताओं को डिजिटल रिलीज से भी अच्छे दर्शक मिलने की उम्मीद है।

Back to top button

Adblock Detected

Please disable your AdBlocker first, and then you can watch everything easily.