उत्तर प्रदेश

KGMU – दीक्षांत समारोह में हुआ लखनऊ की नई पहचान और मेधावियों का सम्मान

KGMU – लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के 22वें दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राजधानी अब केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और तहजीब के लिए ही नहीं, बल्कि रक्षा क्षेत्र में विकसित हो रहे आधुनिक औद्योगिक ढांचे के कारण भी नई पहचान बना रही है। उन्होंने कहा कि शहर में रक्षा उत्पादन से जुड़ी परियोजनाओं के विस्तार के साथ देश की सामरिक क्षमता को भी मजबूती मिल रही है।

रक्षा उत्पादन को लेकर रखे विचार

समारोह को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रयासों से लखनऊ में रक्षा निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट आगे बढ़े हैं। उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में देश तेजी से प्रगति कर रहा है और इसका लाभ राष्ट्रीय सुरक्षा को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ लखनऊ का औद्योगिक और रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है।

1701 विद्यार्थियों को मिली उपाधि

अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 1701 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं। इनमें 975 छात्र और 726 छात्राएं शामिल रहीं। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 54 पदकों से भी सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने भी रखा अपना पक्ष

कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के नाम को लेकर कई लोगों के मन में भ्रम रहता है। उनके अनुसार, विश्वविद्यालय की स्थापना के इतिहास और उसके नाम से जुड़ी जानकारियों को सही संदर्भ में समझने की आवश्यकता है।

स्वास्थ्य नीति में योगदान के लिए मिला सम्मान

समारोह के दौरान नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास को चिकित्सा प्रशासन और स्वास्थ्य नीति के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डीएससी (DSc) की उपाधि प्रदान की गई। इसके अलावा विश्वविद्यालय के कई चिकित्सकों और शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए कुलपति एवं फैकल्टी अप्रिसिएशन अवार्ड से सम्मानित किया गया।

दीप्ति शर्मा रहीं सबसे अधिक पदक जीतने वाली छात्रा

दीक्षांत समारोह में एमबीबीएस की छात्रा दीप्ति शर्मा ने सबसे अधिक 16 पदक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। उनके अलावा निधि सिंह, अभिलाषा घोष, अनिकेत चंद्रा सहित कुल 20 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर संस्थान और देश का नाम रोशन करेंगे।

Back to top button

Adblock Detected

Please disable your AdBlocker first, and then you can watch everything easily.