Weather Alert – उत्तराखंड में भारी बारिश का असर, कई सड़कें बंद, नदियां चेतावनी स्तर पर…
Weather Alert– उत्तराखंड में लगातार सक्रिय मानसून के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। Weather Alert- मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय इलाकों में तेज वर्षा के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत मैदानी क्षेत्रों में भी गरज-चमक के साथ बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बारिश से बढ़ीं मुश्किलें, 132 सड़कें बाधित
लगातार हो रही वर्षा के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन और भूधंसाव की घटनाएं सामने आई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार चार राष्ट्रीय राजमार्ग, चार राज्य राजमार्ग, एक प्रमुख जिला मार्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़कें मिलाकर कुल 132 मार्ग प्रभावित हैं। चमोली, पौड़ी, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में सबसे अधिक असर देखा गया है। लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियां मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। हरिद्वार में गंगा चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है, जिसके बाद जिला प्रशासन ने निचले क्षेत्रों के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। ऋषिकेश में भी गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन का आरती स्थल जलमग्न हो गया। इसके अलावा रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में अलकनंदा, मंदाकिनी, नंदाकिनी, पिंडर, काली, गोरी और सरयू नदियों का जलस्तर भी खतरे के करीब पहुंच गया है।
प्रशासन ने जारी किए विशेष निर्देश
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में समीक्षा बैठक के दौरान सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डैम और बैराजों से पानी छोड़े जाने की स्थिति में डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों के लोगों को पहले से सूचना दी जाए और आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसी राज्यों को भी समय रहते अलर्ट किया जाए। उन्होंने मौसम संबंधी सभी चेतावनियां गांव स्तर तक समय पर पहुंचाने और संचार व्यवस्था मजबूत रखने पर भी जोर दिया।
चारधाम यात्रा और हाईवे पर विशेष निगरानी
लगातार बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों पर भी देखने को मिल रहा है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर मलबा और पत्थर गिरने से बार-बार बंद हो रहे हैं। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि मौसम और सड़क की स्थिति के अनुसार ही वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, वैकल्पिक संचार व्यवस्था तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोककर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।