Palash Muchhal: पलाश मुछाल पर धोखाधड़ी के आरोप, फिल्म निवेश विवाद ने पकड़ा कानूनी रूप
Palash Muchhal: बॉलीवुड म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। महाराष्ट्र के सांगली जिले में उनके खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़ी एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत फिल्म निर्माता और अभिनेता विज्ञान माने ने दर्ज कराई है। आरोप है कि पलाश मुछाल ने फिल्म निर्माण के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद न तो फिल्म पूरी की गई और न ही निवेश की गई राशि मुनाफे के साथ लौटाई गई। इस मामले ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है।

शिकायतकर्ता कौन हैं विज्ञान माने
विज्ञान माने पेशे से फिल्म फाइनेंसर और अभिनेता हैं। वे भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त बताए जाते हैं। विज्ञान का कहना है कि उनकी मुलाकात पलाश मुछाल से स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना के जरिए हुई थी। उस दौरान पलाश किसी निजी कार्यक्रम के सिलसिले में सांगली आए थे, जहां फिल्म को लेकर बातचीत शुरू हुई।
पहली मुलाकात और फिल्म का वादा
विज्ञान के अनुसार, 5 दिसंबर 2024 को उनकी पलाश मुछाल से मुलाकात हुई थी। इसी बैठक में एक फिल्म प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा हुई। विज्ञान का आरोप है कि उन्होंने फिल्म निर्माण के लिए पलाश को निवेश के तौर पर रकम दी। बदले में पलाश ने यह कमिटमेंट दिया था कि छह महीने के भीतर फिल्म पूरी कर उसे बेच दिया जाएगा और निवेश की गई राशि मुनाफे के साथ लौटा दी जाएगी।
समय बीतता गया, वादे बदलते गए
विज्ञान का कहना है कि फिल्म का पैकअप हुए आठ महीने से ज्यादा समय बीत गया, लेकिन न तो फिल्म रिलीज हुई और न ही कोई ठोस जानकारी दी गई। जब वे पैसे के बारे में पूछने पलाश के घर पहुंचे, तो पहले जिस फिल्म का बजट 55 लाख रुपये बताया गया था, वही बजट पलाश की मां ने बढ़ाकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताया। इसके बाद भी कई महीनों तक विज्ञान को केवल आश्वासन ही मिलते रहे।
शादी का हवाला और फिर संपर्क बंद
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पलाश ने बाद में कहा कि वह स्मृति मंधाना से शादी के बाद सारी रकम लौटा देंगे। लेकिन जब यह शादी रद्द हो गई, तो पलाश ने विज्ञान से दूरी बनानी शुरू कर दी। फोन कॉल्स और मैसेज का जवाब आना बंद हो गया और बाद में विज्ञान को ब्लॉक तक कर दिया गया। विज्ञान के मुताबिक, पैसे की मांग करने पर उन्हें ही फंसाने की धमकी दी गई।
अतिरिक्त रकम की मांग का आरोप
विज्ञान माने का दावा है कि पुराने पैसे लौटाने के बजाय पलाश मुछाल ने उनसे 10 लाख रुपये और मांगे। उनका कहना है कि साफ शब्दों में कहा गया कि अगर अतिरिक्त रकम नहीं दी गई, तो उन्हें एक भी रुपया वापस नहीं मिलेगा। विज्ञान ने यह भी कहा कि उनके पास सभी बैंक ट्रांजैक्शन, चैट स्क्रीनशॉट और धमकी भरे मैसेज के सबूत मौजूद हैं।
फिल्म से रोल हटाने की धमकी
विज्ञान ने पलाश की मां पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस फिल्म में वे लीड रोल में थे, उसी फिल्म से उन्हें हटाने की धमकी दी गई। पहले पैसों को लेकर दबाव बनाया गया और बाद में किरदार हटाने की बात कही गई। विज्ञान के मुताबिक, यह सीधी ब्लैकमेलिंग है और मानसिक दबाव बनाने की कोशिश की गई।
चैरिटी फाउंडेशन पर भी सवाल
इस मामले में विज्ञान माने ने पलाश मुछाल की बहन पलक मुछाल के चैरिटी फाउंडेशन को लेकर भी आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि चैरिटी के नाम पर टैक्स बचाने और फंड के दुरुपयोग की प्रक्रिया अपनाई जाती है। उन्होंने कहा कि इलाज और सामाजिक कार्यों के नाम पर जुटाए गए पैसे का सही उपयोग नहीं किया जाता, बल्कि उसका इस्तेमाल निजी फायदे के लिए किया जाता है।
बिजनेस मॉडल पर गंभीर आरोप
विज्ञान का कहना है कि पलाश मुछाल का तरीका यही है कि फिल्म की घोषणा करो, निवेशकों से पैसे जुटाओ, फिर प्रोजेक्ट को आगे खिसकाते रहो और अंत में ठंडे बस्ते में डाल दो। उन्होंने दावा किया कि इंडस्ट्री में कई ऐसे लोग हैं, जिनका पैसा आज तक वापस नहीं किया गया।
पलाश मुछाल की चुप्पी
इस पूरे मामले पर जब मीडिया ने पलाश मुछाल से उनका पक्ष जानने की कोशिश की, तो उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।



